धनबाद: पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। धनबाद में अब पासपोर्ट सेवा पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस हो गई है। नई व्यवस्था के तहत पुलिस वेरिफिकेशन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन तक अधिकांश प्रक्रिया अब ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी। इससे पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक होगी।
नई प्रणाली के अनुसार, पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद सत्यापन रिपोर्ट ऑनलाइन सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय भेजी जाएगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आवेदकों को भी इसकी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
अब पुलिस सत्यापन भी संबंधित थाना ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करेगा। इससे कागजी फाइलों के आदान-प्रदान की आवश्यकता लगभग समाप्त हो जाएगी और पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज हो जाएगी।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह नई व्यवस्था 1 अगस्त से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस सत्यापन के करीब 1300 मामले लंबित थे, लेकिन ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बाद यह संख्या घटकर 580 रह गई है। उनका कहना है कि डिजिटल व्यवस्था से लंबित मामलों का तेजी से निपटारा हो रहा है और लोगों को कम समय में पासपोर्ट उपलब्ध कराया जा सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से पासपोर्ट सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और आवेदकों को अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
















