टुंडी: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश एवं धनबाद उपायुक्त के आदेश पर शनिवार को टुंडी प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में एक दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर को लेकर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कैंप में पहुंचे।
टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने बताया कि विशेष शिविर के लिए कुल 130 स्लॉट की बुकिंग की गई थी। जिन आवेदकों की स्लॉट बुकिंग और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी थी, उन्हें मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस का प्रमाण पत्र निर्गत किया गया।
अत्यधिक भीड़ के कारण कुछ आवेदकों की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी नहीं हो सकी। अंचल अधिकारी ने ऐसे आवेदकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। जिन युवाओं का आवेदन या अन्य प्रक्रिया आज पूरी नहीं हो सकी, उनका लाइसेंस धनबाद स्थित जिला परिवहन कार्यालय के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाएगा।
प्रखंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित होने से ग्रामीण युवाओं को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी।
ग्रामीण युवाओं ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर गांव और प्रखंड स्तर पर आयोजित होने से सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
















