धनबाद: बंगाल-झारखंड सीमा के डुबुर्डिही चेकपोस्ट के पास रविवार तड़के स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पशुओं से लदे एक 16 चक्का वाहन को पकड़ा। वाहन का नंबर WB 37 E 3720 बताया जा रहा है। मामले में चालक समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर जांच की, जिसके बाद वाहन में गाय और भैंस लदे होने की बात सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना विश्व हिंदू परिषद की गौरक्षा समिति को दी गई। समिति की सूचना पर चौरंगी फांड़ी पुलिस ने डुबुर्डिही चेकपोस्ट पर वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा समिति के चंद्रशेखर शॉ ने दावा किया कि पशुओं को मैथन स्थित बीएसके कॉलेज के पीछे से वाहन में लोड किया गया था। उनके अनुसार, चालक से पूछताछ में पशुओं को बांग्लादेश सीमा की ओर ले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन दावों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने मैथन क्षेत्र के कुछ लोगों के कथित रूप से इस गतिविधि में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। वाहन के कागजात, पशुओं से संबंधित दस्तावेज और उनके वास्तविक गंतव्य की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में कथित रूप से पशुओं के अवैध परिवहन का नेटवर्क सक्रिय होने की बातें भी सामने आई हैं। कुछ लोगों ने वाहनों की आवाजाही में कथित कोड और लाइट सिग्नल इस्तेमाल किए जाने का दावा किया है, लेकिन इन दावों की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल वाहन को कब्जे में लेकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।
















