धनबाद/रांची: झारखंड में पिकलबॉल को बढ़ावा देने और राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक रांची स्थित एसोसिएशन कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने की। इसमें आगामी स्टेट चैंपियनशिप और राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 और 20 सितंबर 2026 को रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव में झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप 2026 आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
खास बात यह है कि 2 से 4 अक्टूबर 2026 को कोच्चि, केरल में होने वाली नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम के खिलाड़ियों का चयन इसी स्टेट चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। एसोसिएशन के अनुसार चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रखा जाएगा।
अलग-अलग समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। प्रभात कुमार को टूर्नामेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। संजय पांडे को ऑर्गेनाइजिंग कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि ऋषि कुमार और गौरव कुमार को कमिटी में शामिल किया गया है।
समन्वय समिति में प्रभात कुमार, मनोज तिवारी और बी. सुधीर को जिम्मेदारी दी गई है। रजिस्ट्रेशन का काम सुमित कुमार और धीरेश प्रतीक संभालेंगे। तकनीकी समिति में धीरेश प्रतीक को तकनीकी हेड और सुमित कुमार को सदस्य बनाया गया है।
मीडिया एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दिवाकर दुबे, दिनेश केडिया और मनोज तिवारी को दी गई है। वहीं प्रायोजन एवं सहयोग के लिए प्रियरंजन, सुविर सिन्हा और सुमित कुमार को जिम्मेदारी मिली है। कोर्ट मैनेजमेंट का दायित्व भरत सर और सुरजीत सिंह संभालेंगे। वित्तीय व्यवस्था के लिए सुविर सिन्हा, संजय पांडे और योगेश जी को फाइनेंस कमिटी में शामिल किया गया है।
कई जिलों के प्रतिनिधि हुए शामिल
बैठक में विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। धनबाद से बी. सुधीर, बोकारो से कौशल सिंह और खरसावां से सुरजीत सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा रांची से संजय पांडे, मनोज तिवारी, योगेश, सुमित कुमार, धीरेश प्रतीक, रुपेश कुमार और भरत सर ने बैठक में भाग लिया।
एसोसिएशन के सचिव एवं टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रभात कुमार ने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम का चयन किया जाएगा।
एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिलों के खिलाड़ियों, अभिभावकों, तकनीकी अधिकारियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की है। संगठन का लक्ष्य स्टेट चैंपियनशिप को बेहतर तरीके से आयोजित कर झारखंड पिकलबॉल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
















