धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में धनबाद जिला पुलिस मुख्यालय में जुलाई माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंटों के तामिला, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई माह में जिले में 445 नए कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस द्वारा 501 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं, लंबित 1097 वारंटों का निष्पादन किया गया तथा 705 चार्जशीट एवं अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बाइक चोरी की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा जुलाई माह के दौरान किसी बड़े संगठित अपराध की घटना सामने नहीं आने को भी पुलिस की उपलब्धि के रूप में देखा गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
अपराध समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। धनबाद पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 92 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला। एसएसपी ने अधिकारियों को नो-पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और तेज रफ्तार जैसे मामलों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
मिशन अमानत के तहत लौटाए गए 505 मोबाइल
बैठक में मिशन अमानत के तहत बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की पहल की भी जानकारी दी गई। पिछले माह बरामद 505 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस सौंपे गए। पुलिस की इस पहल से लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और लोगों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जाएं।
















