धनबाद। मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भटिंडा फॉल में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान जोगता थाना क्षेत्र के श्याम बाजार निवासी आयुष कुमार और उनके चाचा प्रजीत पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष अपने जन्मदिन के अवसर पर दोस्तों और चाचा के साथ भटिंडा फॉल घूमने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग पहले साथ में नाश्ता करने के बाद फॉल की ओर गए। इसके बाद आयुष अपने चाचा प्रजीत पांडेय के साथ पानी के आसपास घूमने और फोटोग्राफी करने लगे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि दोनों ने एक-दूसरे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देखकर उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और पानी में दोनों की तलाश शुरू की। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने चाचा-भतीजे के शवों को पानी से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम पसर गया। जिस दिन आयुष अपना जन्मदिन मनाने दोस्तों और चाचा के साथ घूमने निकले थे, उसी दिन उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
















