रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 अगस्त को राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
14 अगस्त को इन जिलों में वज्रपात की चेतावनी
14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है।
वहीं 15 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
15 अगस्त तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
















