धनबाद, 12 अगस्त 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर के जूनियर विंग में कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों के लिए अंतरसदनीय ग्रुप सॉन्ग एवं सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम भजन रखी गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में सुर, ताल और भाव का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डीएवी मुनीडीह के संगीत शिक्षक जे.पी. महतो, मौसमी दास एवं सुमना सेन गुप्ता शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन विभिन्न मानकों के आधार पर किया।
ग्रुप सॉन्ग प्रतियोगिता में विक्रमशिला सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया। नालंदा सदन दूसरे स्थान पर रहा, जबकि वल्लभी और तक्षशिला सदन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में तक्षशिला सदन ने प्रथम, विक्रमशिला सदन ने द्वितीय तथा वल्लभी और नालंदा सदन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर निर्णायक जे.पी. महतो ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि संगीत मन को शांति देने के साथ आध्यात्मिकता से जुड़ने का एक सहज माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत के प्रति रुचि बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय की प्राचार्या ने सभी प्रतिभागियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जूनियर विंग इंचार्ज पापिया चटर्जी, संगीत शिक्षक इंद्रनील मित्रा, कला शिक्षक सचिन कुमार, सीसीए इंचार्ज मोनी कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
















