धनबाद। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई। उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सनी राज ने संयुक्त रूप से मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, पार्किंग शेड तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के विशेष जांच शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सदर अस्पताल को राज्य के अग्रणी सरकारी अस्पतालों में शामिल किया जाए और लोगों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के माध्यम से बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का नि:शुल्क इलाज
सदर अस्पताल में 11 से 22 अगस्त तक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष RBSK जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में बच्चों में होने वाली जन्मजात बीमारियों के अलावा हृदय, आंख, कान, हाथ-पैर और दांतों से संबंधित समस्याओं की जांच की जाएगी।
जांच के दौरान गंभीर बीमारी या सर्जरी की आवश्यकता पाए जाने पर संबंधित बच्चों का इलाज और आवश्यक सर्जरी नि:शुल्क कराई जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन से चार महीनों में RBSK की टीम ने जिले के विभिन्न स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 700 बच्चों की स्क्रीनिंग की है। स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित बच्चों को अब चरणबद्ध तरीके से उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
GAPs सॉफ्टवेयर से बच्चों के इलाज की होगी निगरानी
बच्चों के उपचार की प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए GAPs सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रत्येक चिन्हित बच्चे की उपचार प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी और बच्चे का इलाज पूरा होने तक उसकी निगरानी की जाएगी।
प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चों की आवश्यक सर्जरी एवं उपचार की सुविधा सदर अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी कम हो।
सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
उद्घाटन और निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य CHC, PHC और सदर अस्पताल स्तर पर सुलभ, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने जिलेवासियों से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा करने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नई सुविधाओं और विशेष RBSK कैंप से जिले के बच्चों एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
















