धनबाद: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेलगड़िया टाउनशिप फेज-V स्थित झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) के नव-संचालित प्रशासनिक भवन परिसर में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने ध्वजारोहण किया।
इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए झरिया मास्टर प्लान के तहत चल रहे पुनर्वास और विकास कार्यों की जानकारी दी।
प्रशासन के अनुसार, 81 उच्च जोखिम वाले अग्नि एवं भू-धंसान क्षेत्रों से 837 परिवारों और परिधीय क्षेत्रों से 215 परिवारों को बेलगड़िया टाउनशिप में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है। वहीं, फेज-V में 2,000 आवास इकाइयों का निर्माण जारी है, जिसमें करीब 72 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
टाउनशिप में 1.882 MWp रूफटॉप सोलर परियोजना, 395 सोलर स्ट्रीट लाइट और 40 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मोबाइल मेडिकल वैन तैनात की गई है और हेल्थ सब-सेंटर को लेबर रूम के रूप में अपग्रेड करने का काम भी जारी है।
आजीविका को बढ़ावा देने के लिए 50 व्यावसायिक ई-रिक्शा वितरित किए गए हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों का 100 प्रतिशत कवरेज और स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षण देने की पहल भी चल रही है।
भविष्य की योजनाओं में मई 2028 तक स्थायी पाइपलाइन से घर-घर पेयजल, 33KV पावर सबस्टेशन, 20 बेड वाले मॉडल PHC, मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर और शेष उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास जैसे कार्य शामिल हैं।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि लक्ष्य सिर्फ लोगों को आवास देना नहीं, बल्कि विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
















