धनबाद: श्रावण मास के अवसर पर दी आर्ट ऑफ लिविंग की धनबाद इकाई की ओर से रविवार को अशोक नगर स्थित राजकमल स्कूल परिसर में रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की।
रुद्राभिषेक के लिए दी आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु आश्रम से स्वामी अरुण हड़ोल विशेष रूप से धनबाद पहुंचे। उनके साथ वेदाचार्य पंडित लिंगराज सारंगी एवं पंडित मदन मोहन भी मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्र पाठ और भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
स्वामी अरुण हड़ोल ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के निर्देशानुसार झारखंड के विभिन्न स्थानों पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य रुद्र पूजा के आध्यात्मिक महत्व को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना को विशेष महत्व देते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक साधना और ध्यान से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संगीतकार राजेश टंडन ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो गया।
आयोजन को सफल बनाने में ऋत्विक दुदानी, सोनाली सिंह, बिनोद तुलसियान, मेधा दुधानी, मयंक सिंह, अनुप्रिया गुप्ता, क्षितीज दुधानी, कुंदन कुमार, विभूति, प्रियंका रंजन, अनामिका गोयल, सुतापा मंडल, रंजीत प्रसाद और सोनी कुमारी सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।
















