धनबाद: शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र से अच्छी खबर सामने आई है। कोलकाता के वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार दास अब धनबाद के जेपी अस्पताल में मरीजों को परामर्श देंगे। उनकी सेवाएं मिलने से किडनी से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे शहरों की ओर जाने की जरूरत कम हो सकती है।
DM नेफ्रोलॉजी डॉ. प्रदीप कुमार दास किडनी से संबंधित विभिन्न बीमारियों के उपचार और परामर्श में विशेषज्ञता रखते हैं। जेपी अस्पताल में उनकी ओपीडी हर महीने के पहले और तीसरे गुरुवार को आयोजित होगी। इस दौरान वे सुबह 10 बजे से मरीजों की जांच करेंगे।
किडनी फेलियर, क्रोनिक किडनी डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर से संबंधित किडनी की समस्याएं, बार-बार यूरिन इंफेक्शन, डायलिसिस और किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़े मामलों में मरीज विशेषज्ञ परामर्श ले सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, डॉक्टर महीने में केवल दो दिन उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में मरीजों को असुविधा से बचने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन या अपॉइंटमेंट कराने की सलाह दी गई है। अपॉइंटमेंट और अन्य जानकारी के लिए जेपी अस्पताल के हेल्प डेस्क से संपर्क किया जा सकता है।
डॉ. प्रदीप कुमार दास ने बताया कि अनियमित खानपान, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर किडनी से जुड़ी कई समस्याओं के प्रमुख कारण बन सकते हैं। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी परेशानी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ नेफ्रोलॉजिस्ट की ओपीडी शुरू होने से धनबाद और आसपास के मरीजों को किडनी संबंधी विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
















