धनबाद। जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान लगातार व्यापक होता जा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण इलाकों में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और आम लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।
अभियान के तहत सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में लॉ कॉलेज में साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजगंज स्थित बड्स गार्डन स्कूल में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। वहीं पुलिस उपाधीक्षक साइबर प्रदीप कुमार साव के नेतृत्व में गुरुनानक कॉलेज और निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में जवाहर नवोदय विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
78 विद्यालयों में पहुंची पुलिस टीम
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। गोविंदपुर, लोयाबाद, तोपचांची, महुदा, कतरास, बरवाअड्डा, टुंडी, पंचेत, तेतुलमारी, मधुवन, केंदुआडीह, भूली सहित विभिन्न क्षेत्रों के 78 विद्यालयों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने, ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
157 सरकारी स्कूलों में विशेष सत्र
अभियान के तहत जिले के 157 सरकारी विद्यालयों में भी एक-एक घंटे के विशेष साइबर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों के बारे में जानकारी दी और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत भरोसा नहीं करने की अपील की।
गांवों में प्रचार वाहनों से जागरूकता
पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान केवल शहरी और शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित नहीं रहा। राजगंज, तोपचांची, टुंडी, मनियाडीह और पूर्वी टुंडी के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार वाहनों के माध्यम से वीडियो संदेश प्रसारित कर लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि का शिकार होते हैं, तो घबराने के बजाय तत्काल संबंधित पुलिस को सूचना दें और समय रहते आवश्यक कदम उठाएं।
धनबाद पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराध के तरीकों की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है। स्कूल-कॉलेज से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अभियान के विस्तार से पुलिस साइबर ठगी के खिलाफ सामूहिक जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
















