धनबाद, 21 अगस्त 2026: धनबाद में पहली बार “ART Exhibition – A Visual Exploration of Emotion, Color and Meaning” का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को जीवन ज्योति स्कूल, बेकारबांध में हुआ। प्रदर्शनी 21 से 23 अगस्त तक चलेगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी और रोटरी जिला 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत जीवन ज्योति के विशेष बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति से हुई।
इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और जीवन ज्योति की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। पीपी राजीव गोयल ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि दीपा गोयल ने प्रदर्शनी के उद्देश्य और आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
पीआरआईडी कमल सांघवी ने रोटरी के सेवा मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर अपने विचार रखे। वहीं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने जीवन ज्योति द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मेट्रो के एमडी सुनील गोयल ने भी संस्था की गतिविधियों की प्रशंसा की। कला की अवधारणा और विजुअलाइजेशन पर अनिल शर्मा ने अपने विचार साझा किए। प्रदर्शनी में शामिल कलाकारों आलोक रॉय और सैबल चटर्जी का परिचय कराया गया।
इसके बाद रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर विकास शर्मा ने स्टोरीटेलर का परिचय कराया। कर्नल अबीर दत्ता ने प्रेरणादायी संबोधन देते हुए कहा कि प्रत्येक कलाकृति अपने रचनाकार की भावनाओं और सोच को किसी न किसी रूप में सामने लाती है। उन्होंने चित्रों के पीछे छिपी कहानियों और भावनात्मक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
प्रदर्शनी में अलग-अलग शहरों से आए कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। रंगों, कल्पनाओं और मानवीय भावनाओं को विभिन्न रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल कलाकृतियों को प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि कला के माध्यम से रचनात्मकता, संवेदनशीलता और मानवीय भावनाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।
समारोह के दौरान अतिथियों और सहयोगियों का अभिनंदन किया गया। जीवन ज्योति के सचिव राजेश पारकेरिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि पीडीजी राजन गंडोत्रा ने आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी के अगले दो दिनों में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी कलाकृतियां देखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोगों के साथ रोटरी क्लब ऑफ धनबाद और जीवन ज्योति विशेष विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
















