धनबाद, 21 अगस्त 2026: बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएवी कोयला नगर, धनबाद में साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध पर जागरूकता सह काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएसपी मुख्यालय, धनबाद की ओर से किया गया, जिसमें कक्षा 11वीं के करीब 350 विद्यार्थियों ने दो सत्रों में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या डोलन चम्पा बैनर्जी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा की जानकारी केवल अपने तक सीमित न रखते हुए परिवार और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाना जरूरी है।
प्रधानाचार्या ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने पता, फोन नंबर, स्कूल की दिनचर्या, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने को कहा।
कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय-1, धनबाद विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने फिशिंग, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया से जुड़े खतरों और OTP के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के बारे में सरल भाषा में समझाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध कॉल, मैसेज और अनजान लिंक से सावधान रहने तथा बिना जांचे किसी लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की।
विनोद कुमार ने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी साइबर अपराध का शिकार होता है तो उसे डरने या मामले को छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए। समय पर शिकायत करने से नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सजग करने के साथ उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका डीएसपी मुख्यालय-1 ने सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक पवन कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय के वरीय शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
















