धनबाद: धनबाद के बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3rd झारखंड सब-जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे सब-जूनियर वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.डी. सिंह और विशिष्ट अतिथि JSSPS के हेड कोच अशोक कुमार महतो मौजूद रहे। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
आयोजन सचिव सह धनबाद के जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा ने स्वागत भाषण के दौरान प्रतियोगिता की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं धनबाद जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की अध्यक्ष किरण रानी नायक ने अतिथियों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार जताया।
पहले दिन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-16 बालिका शॉट पुट में रामी कुमारी ने 9.16 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया। कांती कुमारी 9.09 मीटर के साथ दूसरे और श्रुति कुमारी 7.00 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-16 बालक 80 मीटर बाधा दौड़ में अमानुएल किस्कू ने 10.4 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। कुंदन कुमार 11.5 सेकंड के साथ दूसरे और भूषण राम 11.7 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग की 80 मीटर बाधा दौड़ में नैना सिंह ने 13.00 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। पिंकी लकड़ा दूसरे और संजीता कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-16 बालिका हाई जंप में पिंकी लकड़ा ने 1.41 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। अरांचा मिनू 1.39 मीटर के साथ दूसरे और अद्विका जायसवाल 1.37 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं बालक हाई जंप में जय कुमार ने 1.60 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। शुभम कुमार ने भी 1.60 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि नीरज महतो 1.55 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालिका ट्राईथलॉन-सी में अर्चना उरांव ने 17.72 के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया। रोशनी कुमारी दूसरे और सलोनी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
बालक वर्ग के ट्राईथलॉन-सी में हिमांशु कुमार ने 1921 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। अंश उरांव 1845 अंक के साथ दूसरे और शुभम कुमार 1765 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इस राज्यस्तरीय चैंपियनशिप के जरिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किए जाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के आयोजन में धनबाद जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव बंधन टोप्पनो, एमडी फरीद, कुबेर आलम, जयराम भगत, अविजित पात्रा, एमडी सरफराज और विनोद राउत समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
















