रांची। सावन के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर राजधानी रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालु हाथों में जल, बेलपत्र और पूजा सामग्री लेकर कतार में खड़े होकर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक का इंतजार करते नजर आए। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर में अरघा सिस्टम की व्यवस्था की गई, जिसके माध्यम से श्रद्धालु आसानी से भगवान शिव को जल अर्पित कर रहे हैं।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर के मुख्य द्वार और आसपास धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से भक्तों के बीच नि:शुल्क पूजन सामग्री का वितरण भी किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही मजबूत
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। पुलिस बल के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती की गई, जो श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।
सावन सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में सुबह से जारी जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ की गूंज सुनाई देती रही।
















