बराकर। अन्नपूर्णा योजना की राशि अब तक बैंक खातों में नहीं पहुंचने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर स्टेशन रोड पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं के जुटने से कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक उनके बैंक खातों में राशि नहीं पहुंची है। राशि नहीं मिलने से महिलाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
महिलाओं के अनुसार, चुनाव के दौरान हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था। सरकार बनने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण अब महिलाएं सड़क पर उतरकर अपनी मांग रख रही हैं।
सड़क जाम की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की सक्रियता बढ़ी। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। महिलाओं ने जल्द से जल्द योजना की राशि उनके खातों में भेजने की मांग की।
















