रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को दूसरा समन जारी किया है। उन्हें 27 अगस्त को रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले ईडी ने आरती सिंह को समन जारी कर 20 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, वह निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं हुईं और ईडी से 10 दिनों का समय मांगा था। अनुरोध पर विचार करने के बाद एजेंसी ने अब दूसरा समन जारी किया है।
साला रंजीत सिंह भी नहीं पहुंचे
वहीं, एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह को भी ईडी ने पूछताछ के लिए समन जारी किया था। उन्हें 24 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होना था, लेकिन वह पूछताछ के लिए नहीं पहुंचे।
बताया जा रहा है कि इससे पहले जारी समन पर रंजीत सिंह ने ईडी से करीब एक महीने का समय मांगा था। हालांकि, ईडी ने उनके अनुरोध को स्वीकार नहीं किया और 24 अगस्त को ही उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
फिलहाल रंजीत सिंह के पूछताछ में शामिल नहीं होने के बाद ईडी की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मामले में ईडी की कार्रवाई और पूछताछ को लेकर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
















