सिंदरी, धनबाद। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर सिंदरी स्थित शिव मंदिर में भक्ति और आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। सोमवार को भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना के साथ महाभस्म आरती का आयोजन किया गया।
महाभस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। वहीं शाम में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ। दीपों की रोशनी, शंखनाद और आरती की भव्यता ने सिंदरी में काशी के घाटों जैसा माहौल बना दिया।
गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारे और भक्ति की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान शिव से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
सावन के अंतिम सोमवार पर सिंदरी में महाभस्म आरती और बनारस जैसी गंगा आरती ने पूरे माहौल को शिवमय कर दिया।
















