बोकारो: बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) की विभागीय बैठक सोमवार को धमन भट्ठी कैंटीन में आयोजित हुई। बैठक में कर्मचारियों ने विभाग में लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं को सामने रखते हुए उनके जल्द समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने सेफ्टी शूज और अग्निरोधी एफआर जैकेट की समय पर उपलब्धता, क्रेन की खराब सीट व एसी, गंदे शीशों के कारण कम होती दृश्यता, जर्जर सड़क, जलजमाव और सफाई की कमी जैसे मुद्दे उठाए। कर्मचारियों ने विभाग में सांप निकलने की घटनाओं को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।
बैठक में LRS-1 और LRS-2 की क्षतिग्रस्त शीट, LRS-1 के कमजोर ढांचे, चार्जिंग एरिया में अधिक धूल, रेस्ट रूम और शौचालय की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, मोबाइल पंचिंग तथा BSNL नेटवर्क से जुड़ी परेशानियों पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा कर्मचारियों ने इंसेंटिव और रिवार्ड फॉर्मूला में बदलाव, एक्टिंग अलाउंस शुरू करने तथा पुरस्कार देने के मानदंड को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग रखी।
बैठक में BAKS के महासचिव हरिओम कुमार, उपमहासचिव माणिक मुंडा, कोषाध्यक्ष राहुल साव सहित विभागीय सदस्य मौजूद रहे। संघ की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन के समक्ष आवाज उठाने का सिलसिला जारी रहेगा।
विभागीय प्रतिनिधि अर्जुन मिंज ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनकी सुरक्षा, सुविधाओं और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
















