धनबाद: धैया ठाकुरकुल्ही निवासी 32 वर्षीय मिथलेश रजक की नगर निगम के कचरा वाहन की चपेट में आने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ था।
बताया गया कि मिथलेश घर जा रहे थे, तभी गलीनुमा सड़क पर पीछे की ओर आ रहे कचरा वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिथलेश शादीशुदा थे और तीन बच्चों के पिता थे। वह कपड़ा धोने और प्रेस करने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
गुरुवार को परिजन और स्थानीय लोगों ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की। प्रदर्शन के चलते सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
















