बराकर : बराकर शहर के नदी तट स्थित मद्रासी पाड़ा के शीतला मंदिर में माता शीतला का वार्षिक अनुष्ठान धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। मद्रासी पाड़ा कमेटी की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू होकर रविवार देर शाम तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, मंदिर में माता शीतला की पूजा वर्ष 1950 से लगातार आयोजित की जा रही है। इस वर्ष भी पारंपरिक विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना की गई। अनुष्ठान के दौरान बराकर नदी से माता की सवारी लाई गई और पुजारी धनपति स्वामी एवं पप्पू तिवारी की देखरेख में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
आयोजन के दौरान बलि परिक्रमा के साथ भव्य नगर शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कुछ भक्तों ने अंगारों पर चलकर और गालों के आर-पार त्रिशूल धारण कर अपनी आस्था का प्रदर्शन किया।
धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बराकर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
















