Chandankiyari : चंदनकियारी प्रखंड के सितानाला, वानसाड़ा और मानपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह मवेशियों से लदी एक पिकअप वैन को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन में 6 मवेशी—तीन बछिया और तीन बछड़े पाए गए। मौके पर मौजूद एक महिला को भी ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि चालक समेत दो लोगों के फरार होने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे JH-10BD-7258 नंबर की पिकअप वैन की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया और सितानाला प्राथमिक विद्यालय के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मवेशियों को आसपास के इलाकों से चोरी कर दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों की घेराबंदी के बाद वाहन चालक साहिल अंसारी और कथित आरोपी वसी कस्काली के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। वहीं वाहन में मौजूद मालेखा खातून को ग्रामीणों ने मवेशियों के साथ पकड़ लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने अमलाबाद ओपी में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने पिकअप वैन और मवेशियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उनके परिवहन के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
















