धनबाद: इस्कॉन वृंदावन विहार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वृंदावन जन्माष्टमी महोत्सव का बुधवार को क्लार्क्स इन रिजॉर्ट, धनबाद में भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्म कथा के साथ भक्ति-कीर्तन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
पहले दिन कथावाचक सुन्दर गोविन्द प्रभु ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। इसके बाद आयोजित सामूहिक कीर्तन में भक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे पूरा माहौल कृष्णमय हो गया।
इस्कॉन धनबाद की ओर से महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कथा, कीर्तन और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रबंधक श्रीमंत सुंदर गोविंद दास के अनुसार, 2 से 4 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अधिवास समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रभुपाद लीलामृत, भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग और महाआरती सहित कई आयोजन शामिल हैं। आयोजकों ने धनबादवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करने की अपील की है।
















