रांची: झारखंड में बारिश का दौर अभी जारी रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 11 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं 9 और 10 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 8 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
9 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
9 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बोकारो और धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी तथा आसपास के मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
10 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का असर
10 सितंबर को बारिश का प्रभाव और बढ़ सकता है। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश हो सकती है। तेज हवा और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
11 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर
11 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तीन दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। 12 और 13 सितंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन के आसार हैं।
















