धनबाद: साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर CSP संचालकों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार साव ने CSP संचालकों को म्यूल अकाउंट, संदिग्ध बैंक लेन-देन और साइबर ठगी की रकम के इस्तेमाल को लेकर सतर्क किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए अपराधी अक्सर दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे संदिग्ध खातों की पहचान कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
CSP संचालकों को ग्राहकों के बैंकिंग लेन-देन में सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने चेतावनी दी कि म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने या साइबर अपराधियों के साथ लापरवाही अथवा मिलीभगत पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने CSP संचालकों से साइबर अपराध की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय पर देने की अपील की।
















