टुंडी: पश्चिमी टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जांताखूंटी पंचायत के गुलयाडीह गांव में रविवार रात करीब 25 जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के अचानक गांव में घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त करने के साथ घरों में रखा अनाज भी बर्बाद कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेम्ब्रम के अनुसार, हाथियों की संख्या करीब 25 थी। रातभर गांव में हाथियों की मौजूदगी से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान पथिक कोल, लीला कोल, पुकनी देवी और दुर्जन कोल के घरों को नुकसान पहुंचा। हाथियों ने घरों में रखा अनाज खाया और बाकी अनाज को बिखेर दिया।
फसलों को भी भारी नुकसान
हाथियों के झुंड ने कारो यादव, किशोर महतो, थंबी यादव और सिरिश भोक्ता की धान और मकई की फसल को रौंद दिया। इससे किसानों को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद टुंडी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की मशालची टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को बराकर नदी पार कर पीरटांड़ थाना क्षेत्र की ओर खदेड़ा।
हालांकि, हाथियों के दोबारा टुंडी क्षेत्र में लौटने की आशंका से ग्रामीणों की चिंता बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड बराकर नदी के आसपास फिर से टुंडी की ओर आने का प्रयास कर रहा है।
इधर, सोनेत संथाल समाज के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह झामुमो नेता रतिलाल टुडू ने जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालिवार से हाथियों को टुंडी क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
















