धनबाद: दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर धैया स्थित ठाकुर कुल्ही के श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, छठ तालाब की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 16 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
पूजा समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। 17 अक्टूबर को आर्ट एंड क्राफ्ट और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 18 अक्टूबर को नृत्य प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रमों का समापन 19 अक्टूबर को संगीत सुधा की ओर से आयोजित भजन संध्या के साथ होगा।
समिति के सचिव विकास राय ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी समिति का उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन के माध्यम से दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
















