धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दर्ज आपराधिक मामलों, उनके निष्पादन और लंबित कांडों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 411 नए कांड दर्ज किए गए, जबकि 474 कांडों का निष्पादन किया गया। एसएसपी ने दिसंबर तक लंबित मामलों की संख्या घटाकर 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके लिए मामलों की जांच में तेजी लाने और लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। एसएसपी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा साइबर अपराध, चोरी और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, त्वरित जांच और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
















