धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) की टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत देहरादून एक्सप्रेस से अंग्रेजी शराब की 45 बोतलें बरामद की हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 20.07 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 21,480 रुपये है।
आरपीएफ के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब एक बजे ट्रेन संख्या 13009 देहरादून एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में संदिग्ध बैग रखे होने की सूचना मिली। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी की विशेष टीम ने जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान एस-8 कोच में एक सीट के नीचे ग्रे रंग का पिट्ठू बैग मिला। बैग में अंग्रेजी शराब की 45 बोतलें रखी थीं। बैग का मालिक नहीं मिलने पर आरपीएफ ने शराब जब्त कर ली।
आरपीएफ अब लिखित शिकायत के साथ जब्त शराब धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपेगी, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
















