धनबाद: कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिविल कोर्ट धनबाद में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित हुआ।
डालसा के सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ लैंगिक उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना है।
कार्यशाला में सहिया और आशा वर्करों को लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, आंतरिक समिति और स्थानीय समिति की भूमिका तथा शिकायत दर्ज कराने की निर्धारित समय-सीमा के बारे में बताया गया। साथ ही महिलाओं को बिना किसी भय के अपनी शिकायत सामने रखने और अन्य महिलाओं को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
















