सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आयडा गेट के पास स्थित खाऊ गली में वेज रोल के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी शेखर तिर्की दुर्गापूजा पंडाल में लाइटिंग का काम करने के लिए आदित्यपुर आया था। मंगलवार देर रात करीब एक बजे फास्ट फूड स्टॉल पर रोल का ऑर्डर देने के दौरान दुकानदार और उसके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने फास्ट फूड स्टॉल संचालक समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
















