जमीन विवाद से लेकर रोजगार-शिक्षा तक उठे मुद्दे, अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
धनबाद : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सभी शिकायतों के त्वरित और उचित समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिन्होंने जमीन विवाद, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किन-किन मुद्दों पर आई शिकायतें?
जनता दरबार में जमाबंदी रद्द करने, गैरमजरूआ सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, NGDRS से भूमि मुक्त कराने, म्यूटेशन, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धमकी, आर्म्स लाइसेंस, छात्रवृत्ति और केंद्रीय विद्यालय में नामांकन जैसे कई मुद्दे सामने आए।
इसके अलावा मंईया सम्मान योजना, होमगार्ड बहाली और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं।
प्रशासन का भरोसा
उपायुक्त आदित्य रंजन ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों को विधि सम्मत तरीके से निष्पादित किया जाएगा और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
















