धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-ISM) धनबाद में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रसायन विज्ञान का 45वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन के तहत 31 अक्टूबर को ‘क्रिटिकल मिनरल्स एंड रेयर अर्थ्स: कैटेलिस्ट फॉर टेक्नोलॉजी एंड इंडस्ट्री ट्रांसफॉर्मेशंस फॉर विकसित भारत’ विषय पर विशेष संगोष्ठी होगी। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, आधुनिक विनिर्माण, उन्नत तकनीक और औद्योगिक नवाचार में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में इनऑर्गेनिक, ऑर्गेनिक, फिजिकल तथा एनालिटिकल एंड एनवायरनमेंटल केमिस्ट्री से जुड़े चार समानांतर सत्र आयोजित होंगे। इनमें शोध प्रस्तुतियां, आमंत्रित व्याख्यान और पोस्टर प्रेजेंटेशन शामिल रहेंगे।
यह सम्मेलन भारतीय रसायनज्ञ परिषद के संस्थापक एवं प्रमुख शिल्पकार स्वर्गीय डॉ. गिरिश चंद्र सक्सेना की स्मृति को समर्पित है। उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे IIT-ISM के पेनमैन ऑडिटोरियम में होगा। सम्मेलन के संयोजक प्रो. महेंद्र यादव हैं।
















