धनबाद: पुलिस अभिलेखों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव की दिशा में धनबाद पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में आधुनिक रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक (बोकारो प्रक्षेत्र) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
आधुनिक रिकॉर्ड रूम को जापानी 5S प्रबंधन प्रणाली के आधार पर विकसित किया गया है। यहां कुल 19 रैक बनाए गए हैं, जिनमें करीब 1.10 लाख फाइलें सुरक्षित रखी जा सकेंगी। फाइलों की पहचान और जरूरत के समय उन्हें आसानी से खोजने के लिए इंडेक्सिंग, लेबलिंग और निर्धारित क्रम की व्यवस्था की गई है।
रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण भी लगाए गए हैं। साथ ही नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था की गई है।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि इस पहल से पुराने अभिलेख सुरक्षित रहेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित फाइलें कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पुलिस के प्रशासनिक कार्यों में तेजी और कार्यक्षमता में सुधार होगा।
















