धनबाद: रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान सरकारी मुआवजे में कथित गड़बड़ी के मामले में ACB ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। निगरानी थाना कांड संख्या 32/16 के प्राथमिकी अभियुक्त जयनिवास पाण्डेय उर्फ शास्त्री (48 वर्ष) को 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया गया।
आरोप है कि धनबाद जिला भू-अर्जन कार्यालय में फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए सरकारी मुआवजे की करोड़ों रुपये की राशि अवैध रूप से निकाली गई। इस मामले में 21 अप्रैल 2016 को निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें IPC, SC/ST एक्ट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
मामले में जयनिवास पाण्डेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और गांव के नरसिंह दास समेत अन्य लोगों के नाम भी प्राथमिकी में शामिल बताए गए हैं। इन पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए मुआवजे की राशि हासिल करने में सहयोग करने का आरोप है।
















