चंदनकियारी/Bokaro News: झारखंड के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र के फुसरो पंचायत में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लगातार बढ़ती शराबखोरी, घरेलू विवाद और युवाओं के बिगड़ते भविष्य से परेशान दर्जनों महिलाओं ने बरमसिया ओपी पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तुरंत कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत के कई इलाकों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। इसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बरमसिया ओपी का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और कहा कि यदि जल्द शराबबंदी जैसी सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान को लिखित शिकायत सौंपते हुए उन सभी ठिकानों को बंद कराने की मांग की, जहां अवैध शराब की बिक्री और सेवन कराया जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि शराब की वजह से गांव में आए दिन झगड़े हो रहे हैं और युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है।
इस दौरान ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे वरीय अधिकारियों से मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगी। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि अब वे गांव में शराब के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि फुसरो पंचायत में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों पर कब तक शिकंजा कसा जाता है।














