गिरिडीह : पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बगोदर थाना क्षेत्र के पोखरिया पंचायत अंतर्गत पोचरी गांव निवासी मिथुन मंडल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मुंबई मेल ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मिथुन मंडल गुजरात में टावर लाइन निर्माण कार्य में सीनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वे छुट्टी लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे। पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर उतरने के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो पारसनाथ स्टेशन पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक जयराम महतो ने कहा कि यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इस दौरान विधायक ने यात्रियों से रेलवे स्टेशन पर सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि ट्रेन से चढ़ते या उतरते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
















