धनबाद: धनबाद विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने मंगलवार को मतदाता सूची अद्यतन कार्य की समीक्षा के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 156, 157, 158, 166 एवं 167 में चल रहे अनमैप्ड मतदाताओं के मैपिंग कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित बूथों पर कार्यरत बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अनमैप्ड मतदाताओं की अधिक से अधिक मैपिंग बूथ पर उपस्थित रहकर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
एसडीएम ने बीएलओ एप में डेमोग्राफिक समान प्रविष्टियों (Similar Entries) की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के आवेदनों का प्रतिदिन फील्ड वेरिफिकेशन करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी बीएलओ और पर्यवेक्षक पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने कार्यों का निष्पादन करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए और त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ पर्यवेक्षक दिनेश कुमार, सहायक शिक्षक, बीएलओ अंजू देवी, कुमारी लता, रिंकू कुमारी एवं अनिता देवी उपस्थित रहीं। वहीं निर्वाचन प्रभारी सादिक आलम और बिनोद कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद थे।
प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का सुगमता से प्रयोग कर सकें।
ये भी पढ़ें:-dhanbad सांसद प्रतिनिधि राज आर्यन शर्मा ने सुनी लोगों की समस्या, जलापूर्ति बहाल करने का JE को दिया निर्देश
















