भागलपुर/नवगछिया: मोहर्रम पर्व को लेकर जिले में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के दौरान नवगछिया पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनएच-31 स्थित जीरोमाइल के समीप कार्रवाई करते हुए 409 ग्राम ब्राउन शुगर और एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम को 20 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर ब्राउन शुगर की खेप लेकर जीरोमाइल के पास किसी स्मैक कारोबारी को सप्लाई करने आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनएच-31 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की।
इसी दौरान सर्विस रोड की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार सिंटु कुमार सिंह, निवासी दोनिया टोला पकरा, नवगछिया के पास से 409 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सिंटु कुमार सिंह ने खुलासा किया कि वह अपने साथी कुणाल कुमार के साथ मिलकर ब्राउन शुगर और स्मैक का कारोबार करता है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और कुणाल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नशीले पदार्थों की बिक्री से संबंधित एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या 245/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















