टुंडी: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया और प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता, पेंशन योजना तथा पत्रकार कल्याण कोष को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग उठाई। इस अवसर पर मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने एसोसिएशन की नवगठित प्रदेश कमिटी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने फर्जी पत्रकारों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस समस्या पर नियंत्रण के लिए प्रशासन, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष परबिंद पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश बनर्जी, धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, सदस्यता प्रभारी नागेंद्र कुमार, कानूनी सलाहकार सुभाष करतियार, बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत सिन्हा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने संगठन की मांगों पर सकारात्मक विचार करने और पत्रकार कल्याण योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।
















