धनबाद: धनबाद के लिए गर्व का विषय है कि हीरापुर स्थित प्रोफेसर कॉलोनी, चीरागोड़ा निवासी शुभम कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 95वीं रैंक हासिल कर सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर बरनवाल युवा मंच धनबाद ने उन्हें एवं उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
शुभम कुमार मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के झुण्डों खेरा क्षेत्र के निवासी हैं। उनके दादा भगवान लाल बरनवाल, पिता प्रदीप बरनवाल तथा माता उषा देवी हैं। वर्तमान में उनका परिवार धनबाद के हीरापुर क्षेत्र में निवास करता है, जहां उनके पिता व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।
शुभम की प्रारंभिक शिक्षा धनबाद में ही हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स स्कूल से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने University of Delhi के केशव महाविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
स्नातक के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी की और दो वर्ष पूर्व सिविल सेवा परीक्षा के साक्षात्कार चरण तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की थी। बाद में उन्होंने सेवा कर अधिकारी के रूप में गुजरात में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे सीबीएसई के पटना जोन में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
लगातार मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर शुभम कुमार ने बीपीएससी परीक्षा में 95वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बनने का सपना साकार किया। उनकी सफलता से धनबाद और जमुई दोनों क्षेत्रों में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि के सम्मान में बरनवाल युवा मंच धनबाद द्वारा आयोजित समारोह में शुभम कुमार और उनके माता-पिता को शॉल, मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। मंच के अध्यक्ष मनोज कुमार बरनवाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शुभम की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम तथा निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सम्मान समारोह में मंच के संरक्षक भुनेश्वर प्रसाद बरनवाल, पूर्व अध्यक्ष समरेंद्र प्रसाद, सचिव नागेंद्र बरनवाल, पूर्व सचिव सुनील कुमार बरनवाल, बिपिन बरनवाल, कुंदन बरनवाल, ललन बरनवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















