मैथन/आसनसोल: मैथन डैम में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में दसवीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आसनसोल के धधका लाल बंगला निवासी रमेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस बुधवार सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ उसके सात दोस्त भी थे। हालांकि स्कूल जाने के बजाय सभी छात्र ऑटो से मैथन डैम पहुंच गए। वहां घूमने और नहाने के दौरान प्रिंस अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद छात्र घबरा गए और तुरंत परिजनों को सूचना देने के बजाय वहां से चले गए। बताया जाता है कि प्रिंस का स्कूल बैग भी डैम के समीप झाड़ियों में फेंक दिया गया था। जब देर शाम तक प्रिंस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान घटना की जानकारी सामने आने पर स्थानीय प्रशासन और बचाव दल को सूचना दी गई। इसके बाद डैम में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बुधवार देर रात प्रिंस का शव पानी से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के समय मौजूद अन्य छात्रों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलाशयों और डैम क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
















