धनबाद: जिले में 28 से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अभियान की तैयारियों की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के संचालन, निगरानी और बूथ प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि 28 जून को जिलेभर में बूथ आधारित टीकाकरण किया जाएगा। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
अभियान के तहत जिले में 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीम तथा 8 विशेष टीमों सहित कुल 1976 टीकाकरण केंद्र संचालित किए जाएंगे। वहीं पूरे अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजरों की तैनाती की जाएगी।
पोलियो वैक्सीन की सुरक्षित उपलब्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में 137 सब-डिपो बनाए गए हैं, जहां से सभी बूथों तक दवा पहुंचाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।
सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान का औपचारिक शुभारंभ 28 जून को सुबह 8 बजे धनबाद सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगे।
बैठक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डॉ. रोहित गौतम, डॉ. दीपक कुमार (डब्ल्यूएचओ), डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डॉ. मंजु दास, डीपीसी रेखा कुमारी, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
















