धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से रविवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल में वॉलिंटियर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन धनबाद विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे के नेतृत्व में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। उन्हें आवेदन प्रपत्रों का सही उपयोग, मतदाता सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने की प्रक्रिया तथा गणना प्रपत्र भरने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में वॉलिंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से जिम्मेदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही तरीके से मतदाता सूची में शामिल करना है।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मकसद पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, समावेशी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि भविष्य में निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या से बचा जा सके।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, धनबाद के अंचल अधिकारी राम प्रवेश, पुटकी के अंचल अधिकारी विकास आनंद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
















