धनबाद: मजदूर जनता दल (यूनाइटेड) की जिला इकाई की ओर से रविवार को धनबाद परिषदन में बैठक सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, नई कार्यकारिणी के गठन और श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
बैठक में पार्टी के जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह, मजदूर जदयू के प्रभारी राजेंद्र राही, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामस्वरूप यादव तथा प्रदेश महासचिव सुशील कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी की पहली सूची भी घोषित की गई। इसमें राम आसेर लाल, किशोर मिश्रा और दीपेश चौधरी को उपाध्यक्ष, पवन कुमार गुप्ता और बिरेंद्र कुमार को महासचिव, दीपक कुमार सिंह को सचिव, विद्या भूषण पासवान को संगठन सचिव तथा गौतम कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में वक्ताओं ने विश्वास जताया कि सुभाष चंद्र सिंह के नेतृत्व में संगठन जिले में और अधिक सक्रिय होगा तथा श्रमिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक के दौरान क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों से जुड़े मुद्दों और विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में संगठन ने निर्णय लिया कि इन मांगों को लेकर अगस्त माह में कोयला भवन के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव राजू कुमार सिंह, विजय सिंह कुशवाहा, युवा जदयू जिलाध्यक्ष बबलू मोदक, महिला जिलाध्यक्ष पुष्पा पांडेय, अधिवक्ता दिलीप सिन्हा, रीता रानी मंडल, धनलाल दुबे, शंकर चौरसिया, निवास गोप, गीता देवी, अनिल सिन्हा, झप्पू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















