धनबाद: सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार से धनबाद जिले में ‘सहकारी सप्ताह समारोह’ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत जिलेभर में सहकारिता को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के पहले दिन जिले के सभी सहकारिता कार्यालयों एवं पैक्स (MPCS) में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं 30 जून को सदस्यता वृद्धि अभियान के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 2 जुलाई को धनबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के सभागार में दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलेगा। 3 जुलाई को सभी प्रखंड कार्यालयों में व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
4 जुलाई को महिलाओं की सहकारिता में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 5 जुलाई को पैक्स और अन्य सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं प्रबंधकों की बैठक होगी।
6 जुलाई को राज्य स्तरीय समापन समारोह में धनबाद जिले की दो उत्कृष्ट सहकारी समितियों को क्रमशः ₹50,000 और ₹25,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर भी सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 समितियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि इस सप्ताह भर चलने वाले आयोजन का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, समितियों को सशक्त बनाना तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है।
















