धनबाद:
समाज में रक्त की कमी को दूर करने और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जे.पी. नर्सिंग फाउंडेशन की प्रतिष्ठित इकाई जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा 2 जुलाई (गुरुवार) को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर धनबाद के बाईपास बलियापुर रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर परिसर में सुबह 9:00 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम का उद्घाटन धनबाद के सिविल सर्जन मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। वे दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ करेंगे तथा उपस्थित युवाओं और नागरिकों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में भाग लेने की अपील करेंगे।
जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक (एमडी) नित्यानंद मंडल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद मरीज के लिए एक यूनिट रक्त जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संस्थान की ओर से रक्तदाता प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही रक्तदान की पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त कोशिकाओं का निर्माण तेजी से होता है। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
संस्थान ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में शामिल होकर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने की अपील की है।
















