धनबाद के निचितपुर टाउनशिप स्थित छठ तालाब से मंगलवार सुबह 16 वर्षीय छात्रा का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान देवश्री पाल के रूप में हुई है, जो टाटा सिजुआ डीएवी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। वह अशोक पाल की पुत्री थी और अपने परिवार के साथ मोहलीडीह क्षेत्र में रहती थी।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात घर में किसी बात को लेकर बातचीत के बाद देवश्री देर रात घर से निकल गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने ईस्ट बसुरिया ओपी में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने निचितपुर टाउनशिप स्थित छठ तालाब में एक युवती का शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान देवश्री पाल के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें फिलहाल किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
















